Crime News: तांत्रिक क्रियाओं का विरोध करने पर शराबी पिता का तांडव , कुल्हाड़ी से पुत्र-पुत्री और पत्नी पर किया हमला

Crime News: तांत्रिक क्रियाओं का विरोध करने पर शराबी पिता का तांडव , कुल्हाड़ी से पुत्र-पुत्री और पत्नी पर किया हमला
अजमेर। जिले के नसीराबाद में परिवार के मुखिया के अंधविश्वास और कथित तांत्रिक क्रियाओं का विरोध करना परिवार को भारी पड़ गया। थाना नसीराबाद सदर क्षेत्र में शराब के नशे में धुत व्यक्ति ने तांत्रिक गतिविधियों पर सवाल उठाने से नाराज होकर अपने भाई और भतीजे के साथ मिलकर पुत्र, पुत्री और पत्नी पर कुल्हाड़ी, लकड़ी और नकही से हमला कर दिया। घटना में उसकी पत्नी सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुत्री के साथ अभद्र व्यवहार:-
सरदारपुरा निवासी मनोज कुमार रेगर ने पुलिस को बताया कि 16 जनवरी की रात लगभग 10.30 बजे उनकी बहन पिता नरसिंह को खाना खाने के लिए बुलाने झोंपड़ी में गई थी। वहां नरसिंह अपने भाई ओमप्रकाश और भतीजे कमल के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान पिता ने पुत्री के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौच की।
कुल्हाड़ी और नकही से हमला:-
लीला के शोर मचाने पर उसका पति कालूराम पहुंचा तो नरसिंह ने कुल्हाड़ी से हमला किया। बचाव करने आए कालूराम पर कमल ने पीछे से नकही से वार कर उसे बेहोश कर दिया। बीच-बचाव के लिए आए मनोज और उनकी मां अनोपी देवी पर कमल ने लकड़ी से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। ओमप्रकाश ने मनोज को पकड़कर नरसिंह से पिटवाया, जिससे मनोज के सिर में गंभीर चोट आई।
तांत्रिक विद्या के नाम पर वसूली:-
परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी लंबे समय से तांत्रिक विद्या के नाम पर लोगों से पैसे लेता और विरोध करने पर धमकाता था। घटना के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना में लीला, कालूराम, अनोपी देवी और मनोज गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।