‘IPL बीच में नहीं छोड़ेंगे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी’, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने किया साफ

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बीच ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को लेकर चल रही अटकलों पर अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने स्थिति साफ कर दी है। ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच प्रस्तावित वनडे सीरीज के कारण खिलाड़ियों के आईपीएल बीच में छोड़ने की खबरों से कई फ्रेंचाइजी और फैंस चिंतित थे, लेकिन अब राहत भरी खबर सामने आई है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया है कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल के दौरान अपने अनुबंध का पूरा सम्मान करेंगे और टूर्नामेंट बीच में नहीं छोड़ेंगे। इससे साफ हो गया है कि पैट कमिंस, ट्रेविस हेड, मिचेल स्टार्क जैसे स्टार खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के साथ अंत तक बने रह सकते हैं।
दरअसल, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 30 मई, 2 जून और 4 जून को खेली जानी है, जबकि आईपीएल 2026 का फाइनल 31 मई को निर्धारित है। खिलाड़ियों को 23 मई तक इस्लामाबाद पहुंचने के निर्देश दिए गए थे, जिससे आईपीएल प्लेऑफ्स पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बयान के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है।
वर्तमान में आईपीएल में ऑस्ट्रेलिया के कई प्रमुख खिलाड़ी खेल रहे हैं, जिनमें पैट कमिंस, ट्रेविस हेड, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, मार्कस स्टोइनिस और मिचेल मार्श शामिल हैं। ये खिलाड़ी अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स ने भी संकेत दिए हैं कि उनके ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पूरे सीजन में टीम के साथ उपलब्ध रहेंगे।
रिपोर्ट्स की मानें तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अब अपनी टीम इस तरह से चुन सकता है कि जो खिलाड़ी आईपीएल के प्लेऑफ्स में व्यस्त हैं, उन्हें पाकिस्तान सीरीज से आराम दिया जाए और एक नई टीम भेजी जाए। 24 मई तक आईपीएल के लीग मैच खत्म हो जाएंगे, जिससे उन खिलाड़ियों को पाकिस्तान भेजा जा सकता है जिनकी टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो गई होंगी।