नशे के लिए रुपये मांगने पर विवाद: बड़े भाई ने कुल्हाड़ी से की छोटे भाई की हत्या, आरोपी राउंडअप

नोखा | RKhabar
बीकानेर जिले के नोखा कस्बे में गुरुवार देर रात एक मामूली पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद में बड़े भाई ने कथित रूप से छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में उपचार से पहले ही मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नोखा के पंचारिया चौक निवासी जगदीश ब्राह्मण और उसके छोटे भाई हुकुमचंद के बीच घर पर विवाद हुआ। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हुकुमचंद ने कथित रूप से नशे के लिए अपने भाई से रुपये मांगे थे। रुपये देने से इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई।
आरोप है कि गुस्से में बड़े भाई जगदीश ने घर में रखी नई कुल्हाड़ी उठाकर हुकुमचंद के सिर और गर्दन पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से हुकुमचंद लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल बागड़ी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नोखा सीओ जर्नैल सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस ने हत्या के आरोपी जगदीश को राउंडअप कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम और हत्या के वास्तविक कारणों की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। इस घटना के बाद पंचारिया चौक सहित पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।