NEET पेपर लीक को लेकर जयपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, बीजेपी मुख्यालय कूच के दौरान पुलिस से झड़प

Congress-Protest-Jaipur-photo_2026-05-21_12-37-12

जयपुर: नीट पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान कांग्रेस ने जयपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मुख्यालय से पैदल मार्च करते हुए शहीद स्मारक के रास्ते बीजेपी मुख्यालय की ओर कूच किया तो इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प हो गई और मामला बढ़ गया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। एक ही दिन दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यक्रम होने के कारण जयपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आया।

एनटीए पर उठाए सवाल, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग:-

प्रदर्शन के दौरान डोटासरा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों से लगातार नीट पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे देशभर के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। डोटासरा ने कहा कि नीट परीक्षा कराने वाली संस्था नेशनल टेस्टिंग एजेंसी पर अब लोगों का भरोसा नहीं बचा है, इसलिए इस संस्था को भंग किया जाना चाहिए। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराने की मांग भी उठाई गई।

इसके अलावा, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। मार्च से पहले पीसीसी के बाहर एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें डोटासरा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।

भाजपा कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई:-

कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए जयपुर पुलिस ने भाजपा कार्यालय और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

उल्लेखनीय है कि आज ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंको कार्यक्रम बीजेपी मुख्यालय के बाहर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने रखा था।