बीकानेर: पुरानी रंजिश में युवक पर सरियों और धारदार हथियारों से हमला, पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

post 97 (1)

बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक युवक पर धारदार हथियारों और लोहे की सरियों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घायल युवक के पिता सुनील जोशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र गौरव अपने मित्र ज्ञानांश आचार्य के साथ सुंदरलाल छत्ते वाले के यहां से लौट रहा था। रास्ते में बाफना स्कूल के पास उसकी मुलाकात मित्र लक्ष्य व्यास से हुई। इसी दौरान फड़बाजार गैरसरिया मोहल्ला निवासी मुवाज खान, अरब खान, देव शेखावत, अजयराज और उनके साथ आए अन्य युवक हथियारों से लैस होकर पहुंचे और गौरव पर जानलेवा हमला कर दिया।

रिपोर्ट में आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की सरियों और रॉड से गौरव के सिर, हाथ और पैरों पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तुरंत पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हमले की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गौरव के चाचा के बेटे वेदान्त जोशी के साथ भी इन्हीं युवकों ने कुछ समय पहले मारपीट की थी। हालांकि बाद में समझौता हो गया था, लेकिन आरोप है कि मुवाज व अरब खान गौरव से रंजिश रखने लगे और मौका मिलते ही उन्होंने हमला कर दिया।

गंगाशहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक हेतराम को सौंप दी है। वहीं, परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

You may have missed