बीकानेर: अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर लाखों के जेवर और नगदी पार की

बीकानेर। जिले के सेवड़ा गांव में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद परिवार सदमे में है, जबकि गांव में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार चोर पीछे के दरवाजे से घर में घुसे। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। बदमाशों ने बड़ी चतुराई से मुख्य दरवाजे को अंदर से कपड़े की मदद से बांध दिया, ताकि किसी को उनकी मौजूदगी का आभास न हो।
इसके बाद चोर घर के कमरे में पहुंच गए और अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखे करीब छह तोला सोना, आधा किलोग्राम चांदी और 80 हजार रुपये से अधिक की नकदी चोरी कर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि रामलाल पुरोहित ने मजदूरी कर वर्षों की मेहनत से यह पूंजी जुटाई थी, लेकिन बदमाश एक ही रात में उनकी जीवनभर की कमाई ले गए।
सुबह जब परिवार के सदस्य घर के अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी खुली मिली और उसमें रखे आभूषण व नकदी गायब थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
ग्रामीणों ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि गांव के भीतर इस तरह की चोरी की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।