बीकानेर: अनियंत्रित होकर ट्रक डिवाइडर पर चढ़ा, बड़ा हादसा टला

post 143 (1)

बीकानेर: लूणकरणसर, कस्बे के जसनाथ जी मंदिर के पास रविवार तड़के एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार कालू की ओर से आ रहा ट्रक जैसे ही लूणकरणसर कस्बे में प्रवेश कर रहा था, उसी दौरान यह हादसा हुआ।

स्थानीय निवासी गोपीराम भादू ने बताया कि जहां से डिवाइडर की शुरुआत होती है, वहां किसी भी प्रकार का संकेतक या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया है। इसके अलावा मंदिर के पास खड़े ट्रकों और सामने से आ रहे वाहनों की तेज हेडलाइट के कारण चालक को डिवाइडर दिखाई नहीं दिया, जिससे दुर्घटना हो गई।

हादसे में राहत की बात यह रही कि चालक पूरी तरह सुरक्षित रहा, हालांकि ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक को डिवाइडर से हटाया गया।

इधर, टोल रोड पर बने डिवाइडर के पास उचित संकेतकों के अभाव को लेकर वाहन चालकों में नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आवश्यक संकेतक और सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

You may have missed