बीकानेर: हवाई यात्रियों के लिए राहत भरी खबर, इस समय बीकानेर से दिल्ली जाएगी फ्लाइट

बीकानेर: हवाई यात्रियों के लिए राहत भरी खबर, इस समय बीकानेर से दिल्ली जाएगी फ्लाइट
बीकानेर से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों और कारोबारी वर्ग के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। एलाइंस एयर की बीकानेर-जयपुर फ्लाइट का विस्तार आगामी जून माह से देश की राजधानी दिल्ली तक होने जा रहा है। इस संभावना को सबसे बड़ा बल खुद कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से मिला है, जहां बीकानेर से दिल्ली (वाया जयपुर) की बुकिंग शुरू कर दी गई है। हालांकि, दिल्ली से वापसी की उड़ान के समय को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ होना बाकी है, जिससे यात्रियों में उत्सुकता और प्रतीक्षा दोनों बनी हुई हैं।
वर्तमान में एलाइंस एयर की यह फ्लाइट केवल बीकानेर और जयपुर के बीच ही संचालित हो रही है। लेकिन जून से लागू होने वाले नए शेड्यूल के अनुसार, यही विमान जयपुर पहुंचने के बाद वहां से आगे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। यदि यह सेवा नियमित रूप से शुरू होती है, तो बीकानेर की हवाई कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी। गौरतलब है कि वर्तमान में बीकानेर से दिल्ली के लिए केवल इंडिगो एयरलाइंस की ही सीधी उड़ान संचालित हो रही है।
यह रहेगा बीकानेर से दिल्ली का नया फ्लाइट शेड्यूल
शेड्यूल के मुताबिक फ्लाइट संख्या 9I 834 दोपहर 3:40 बजे बीकानेर एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी। यह फ्लाइट शाम 4:55 बजे जयपुर पहुंचेगी। यही विमान शाम 5:25 बजे जयपुर से उड़ेगा। शाम 6:30 बजे यात्रियों को दिल्ली पहुंचा देगा। वेबसाइट पर उपलब्ध शेड्यूल के अनुसार, वापसी की दिशा में फ्लाइट संख्या 9I 833 जयपुर से दोपहर 1:55 बजे रवाना होकर दोपहर 3:10 बजे बीकानेर पहुंचेगी। दिल्ली से जयपुर का शेड्यूल अभी अपलोड नहीं किया गया है।