बीकानेर: इस जगह रेलवे क्रासिंग के पास ट्रक में लगी आग, समय पर नहीं पहुंची दमकल

11

बीकानेर: इस जगह रेलवे क्रासिंग के पास ट्रक में लगी आग, समय पर नहीं पहुंची दमकल

बीकानेर। अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर सोमवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अरजनसर रेलवे केबिन के पास ग्रिट से भरा एक बेकाबू ट्रक रेलवे लेवल क्रॉसिंग के लोहे के ढांचे से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद ट्रक में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब एक बजे हुआ। पल्लू से अरजनसर की ओर आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर रेलवे क्रॉसिंग से भिड़ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक में तुरंत आग भड़क उठी। हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली।

घटना की सूचना मिलते ही महाजन और राजियासर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं अरजनसर के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और पानी के टैंकरों के जरिए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे बाद सूरतगढ़ और श्रीगंगानगर से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों के अनुसार यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटनास्थल के पास ही 11 केवी बिजली लाइन के पोल और करीब 10 मीटर दूरी पर रेलवे की इलेक्ट्रॉनिक लाइन मौजूद थी। ट्रक आगे बढ़ जाता तो बिजली व्यवस्था और रेलवे सिस्टम प्रभावित हो सकता था।