बीकानेर: सोलर प्लांट से हजारों मीटर केबल चोरी, अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज

बीकानेर: नाल थाना क्षेत्र में स्थित एक सोलर प्लांट से केबल चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने सुरक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गंगानगर निवासी एवं वर्तमान में एसएनएसएस राठौड़ सिक्योरिटी में सुरक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत श्रवण सिंह पुत्र सादुल सिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 24 मई को किमलसर क्षेत्र स्थित रिन्यू सोलर प्लांट में अज्ञात बदमाश घुस गए और चालू लाइन से करीब 9,850 मीटर स्ट्रिंग केबल चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। रिपोर्ट के अनुसार चोरी की यह वारदात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अंजाम दी गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल गौरीशंकर को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य सुराग जुटाकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।