बीकानेर : फर्जी दस्तावेजों से हड़पी फसल बीमा की राशि! तीन नामजद, ई-मित्र संचालक और पटवारी पर केस दर्ज

1004047408

बीकानेर | Rkhabar

जिले के पांचू थाना क्षेत्र के चिताणा गांव में फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसान के खाते से फसल बीमा की राशि हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के साथ एक ई-मित्र संचालक और एक पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खारी पट्टी, चिताणा निवासी कुंभाराम जाट ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसके नाम पर मिलने वाली फसल बीमा की राशि का गबन कर लिया। शिकायत में महेंद्र विश्नोई, लालसिंह राजपूत, हिम्मताराम जाट, ई-मित्र संचालक जावेद अख्तर तथा पटवारी छितर सिंह मीणा पर मिलीभगत कर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना, आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच नोखा वृत्ताधिकारी को सौंपी गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि फर्जी दस्तावेज किस तरह तैयार किए गए तथा बीमा राशि किस खाते में स्थानांतरित की गई। जांच के बाद मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

You may have missed