Bikaner: चांदी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर, बीकानेर सर्राफा बाजार में तेजी से खरीदारी पर लगा ब्रेक

post 182 (1)

Bikaner: चांदी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर, बीकानेर सर्राफा बाजार में तेजी से खरीदारी पर लगा ब्रेक

बीकानेर। बीकानेर के सर्राफा बाजार में चांदी के भावों ने नया कीर्तिमान बना दिया है। मंगलवार को चांदी की कीमत 3 लाख 16 हजार रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई, जिससे बाजार में हलचल तेज हो गई है। लगातार कई दिनों से जारी तेजी अब रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने से व्यापारियों और निवेशकों की नजरें बाजार पर टिकी हुई हैं।

सर्राफा व्यापारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार के हालात, डॉलर में उतार-चढ़ाव और औद्योगिक मांग में वृद्धि के चलते चांदी के दामों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। हालांकि इस तेजी का असर आम ग्राहकों पर साफ नजर आ रहा है। शादी-विवाह और मांगलिक सीजन के बावजूद चांदी के आभूषणों और बर्तनों की खरीदारी कमजोर बनी हुई है।

एक दिन में 25 हजार रुपये की उछाल:-

चांदी के भावों में एक ही दिन में 25 हजार रुपये प्रति किलो की तेजी दर्ज की गई। सोमवार को चांदी 2 लाख 91 हजार रुपये प्रति किलो थी, जो मंगलवार को बढ़कर 3 लाख 16 हजार रुपये हो गई। इससे पहले शनिवार को इसके भाव 2 लाख 80 हजार रुपये प्रति किलो दर्ज किए गए थे। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण कई ग्राहक सिर्फ भाव पूछकर लौटते नजर आ रहे हैं।

छोटे कारोबारी और ग्राहक चिंतित:-

तेजी से बढ़ती कीमतों ने छोटे सर्राफा व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। सर्राफा कारोबारी रेवंतराम जाखड़ ने बताया कि चांदी के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से कारोबार की रफ्तार धीमी पड़ गई है। ग्राहक अब भारी गहनों की बजाय छोटे और हल्के आभूषणों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

मौजूदा हालात को देखते हुए बाजार में आगे भी तेजी बने रहने की आशंका जताई जा रही है। वैश्विक मांग और आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच चांदी की यह चमक आगे भी कायम रहती है या बाजार को राहत मिलती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

You may have missed