Bikaner : ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आदतन वाहन चोर गिरफ्तार, चार बाइक बरामद

post 374 (1)

बीकानेर। वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस थाना कोटगेट ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर मोटरसाइकिल चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में पुलिस अन्य वारदातों से जुड़े संभावित नेटवर्क और संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देश पर शहर में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और वृत्ताधिकारी नगर अनुज डॉला के सुपरविजन में कोटगेट थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रकाश नायक (23), निवासी राजीव नगर, मुक्ताप्रसाद नगर तथा रामचन्द (27), निवासी सर्वोदय बस्ती, मुक्ताप्रसाद नगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी कथित रूप से नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करते थे। दोनों को प्रकरण संख्या 143/2026 में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की, जबकि अन्य तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह, एएसआई रेंवतराम, हेड कांस्टेबल हेतराम, कांस्टेबल संपतलाल और संजय शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कांस्टेबल संपतलाल की विशेष भूमिका रही।

You may have missed