बीकानेर: ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थ के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

बीकानेर। नोखा की पांचू थाना पुलिस ने जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चल रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साधूना गांव के पास से एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 39 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद की गई है।
सीओ जरनैल सिंह के सुपरविजन और सीआई राजीव रॉयल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साधना से तेलिया नाडी मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान 40 वर्षीय नरेश जाट को रोका गया, जिसके पास से 39.53 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नागौर जिले के सदर क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से 30 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस की टीम में सब इंस्पेक्टर कुशलाराम, एएसआई संतोष नाथ, हेतराम और लीलाराम शामिल रहे। कांस्टेबल लीलाराम का विशेष योगदान रहा, जिसके चलते आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।