बीकानेर: ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एमडी ड्रग्स के साथ पांच युवक गिरफ्तार

बीकानेर जिले की नापासर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.13 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) के साथ पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पंजाब नंबर की एक कार भी जब्त की है। कार्रवाई नापासर रेलवे स्टेशन के सामने की गई।
थानाधिकारी सुषमा शेखावत ने बताया कि बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ एवं वृत्ताधिकारी हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण सिंह पुत्र भवानी सिंह, देवेश पुत्र विजय कुमार, रामदेव पुत्र स्वर्गीय अशोक, जस्सू उर्फ जसवंत पुत्र मदन सिंह और विश्व पारीक पुत्र मुरली पारीक के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और इससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में थानाधिकारी के साथ कांस्टेबल चुन्रीलाल, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल रामुदान और कांस्टेबल गोगराज शामिल रहे।