बीकानेर: ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22 हज़ार नशीले कैप्सूल- गोलियां जब्त

बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत गंगाशहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल और गोलियां बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में गंगाशहर थाना पुलिस ने घड़सीसर रोड स्थित एक मकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मकान से करीब 22 हजार नशीले कैप्सूल और गोलियां बरामद कीं। बरामद खेप में पेरागेब्लिन और ट्रेपेन्टाडोल जैसी नशीली दवाएं शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि विपिन और अभिषेक नाम के दो भाई इन नशीले कैप्सूलों की अवैध बिक्री करते थे। जिस मकान से यह खेप बरामद हुई, वह उमाशंकर नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जिसने दोनों भाइयों को किराए पर मकान दे रखा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई थानाधिकारी परमेश्वर सुथार के नेतृत्व में की गई। पुलिस को यह सफलता कांस्टेबल मुखराम से मिली सटीक सूचना के आधार पर हासिल हुई।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशीली दवाओं के नेटवर्क और सप्लाई चेन की पड़ताल में जुटी हुई है। एसपी मृदुल कच्छावा ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।