बीकानेर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 65 लाख रुपये के कूटरचित नोटों की गड्डियों के साथ दो गिरफ्तार

बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने असली नोटों के नाम पर की जा रही कथित धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 65 लाख रुपये मूल्य की नोटों की गड्डियां बरामद की हैं, जिनमें अधिकांश नोट कूटरचित पाए गए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात थानाधिकारी कश्यप सिंह के निर्देशन में एएसआई सुरेश कुमार गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रुकवाकर तलाशी ली गई। वाहन में सवार दो व्यक्तियों के पास बड़ी संख्या में नोटों की गड्डियां मिलने पर पुलिस उन्हें वाहन सहित थाने ले गई और विस्तृत जांच की। सभी नोटों के बंडलों को खोलकर चैक किया तो कुल 13 बंडल मिले। जानकारी के अनुसार कुल 65 लाख रुपए के प्रत्येक बंडल में केवल दो नोट असली थे, बाकी केवल कूटरचित नोट थे जो असली नोट के बंडल में कूट रचित नोट की गड्डियां मिली।
पांच सौं पांच सौ की दस गड्डियों का बंडल बना हुआ था और ऊपर प्लास्टिक लगा हुआ था, यानी बैंक की तरह सील पैक एक बंडल में केवल दो पांच सौ के असली नोट थे। एक असली नोट गड्डी के ऊपर की साइड तथा एक असली नोट गड्डी के नीचे की साइड लगाया हुआ था, बाकी गड्डी के बीच में केवल कूट रचित नोट भरे हुए थे।
पुलिस ने इस मामले में ओमप्रकाश नैन निवासी जेतासर और महेंद्र उर्फ सीताराम गोदारा निवासी धोलिया को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में मामला हवाला कारोबार से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नोटों की ये गड्डियां कहां से लाई गई थीं और इन्हें आगे किसे सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों का मानना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी संलिप्तता सामने आ सकती है। मामले की गहन जांच जारी है।
कार्रवाई में एएसआई सुरेश कुमार गुर्जर सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।