बीकानेर: हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत

बीकानेर। जिले के नोखा थाना क्षेत्र के पारवा गांव स्थित टोल नाके के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश निवासी अमन पटेल के रूप में हुई है, जो नेशनल हाईवे अथॉरिटी की ओर से सड़क किनारे लगाए जा रहे लोहे के सूचना बोर्ड के कार्य में लगा हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमन पटेल हाईवे किनारे लोहे का सूचना बोर्ड लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान वह बोर्ड के पास से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद पॉस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।