बीकानेर: दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, गर्भवती महिला सहित दो घायल

बीकानेर। बीकानेर-जोधपुर हाईवे पर देशनोक ओवरब्रिज के पास दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत में गर्भवती महिला समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीकानेर से ढिंगसरी की ओर जा रही एक कार जैसे ही ओवरब्रिज पर पहुंची, सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
बताया जा रहा है कि एक कार में चार लोग सवार थे। हादसे में गर्भवती महिला सुशीला और हुकुम सिंह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
गोपालदान, झंवरलाल, दिनेशदान, जगदीशदान, राकेश सेन और रामधन सुथार सहित अन्य लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहनों के दरवाजे खोलकर घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।