बीकानेर: बीयर की बोतल उधार नहीं देने पर मारपीट का आरोप, चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज

बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़, क्षेत्र के जाखासर गांव स्थित एक शराब ठेके पर मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। थानाधिकारी कश्यमसिंह राघव ने बताया कि ओमपुरा (बीदासर) निवासी सवाईसिंह पुत्र धन्नेसिंह राजपूत ने जाखासर निवासी सवाईसिंह, सीताराम, सहीराम और सहीराम जाट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
परिवादी के अनुसार, वह बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी शराब की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान सहीराम वहां आया और चार बीयर की बोतलें उधार में देने की मांग करने लगा। मना करने पर उसने धमकी दी और कुछ ही देर में अन्य साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गया।
आरोप है कि सभी आरोपियों ने जबरन ठेके में घुसकर बीयर की बोतलें निकाल लीं और विरोध करने पर गाली-गलौच करते हुए मारपीट की। इस दौरान परिवादी के कपड़े फाड़ दिए गए और सिर व चेहरे पर चोटें पहुंचाई गईं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे एक ग्रामीण ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।
परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी बीयर की बोतलें और सोने का मादलिया छीनकर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल संदीप कुमार को सौंपी है।