बीकानेर: डिग्गी में डूबने से किसान की मौत, पुलिस जांच में जुटी

बीकानेर। लूणकरणसर थाना क्षेत्र के नहरी इलाके के चक 9 सीएचडी में खेत की डिग्गी में गिरने से एक किसान की मौत हो गई। हादसा रविवार देर रात उस समय हुआ, जब वह खेत में बनी डिग्गी से पानी निकाल रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चक 9 सीएचडी निवासी 48 वर्षीय भानीसिंह के रूप में हुई है, जो खेती-किसानी का कार्य करते थे। रविवार रात करीब 10 बजे वह खेत में बनी डिग्गी से पानी निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह पानी में डूब चुके थे। सूचना मिलने पर लूणकरणसर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से उन्हें डिग्गी से बाहर निकाला। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मृतक के बेटे सतपाल सिंह की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।