बीकानेर: परिवार गया बाहर, चोरों ने साफ कर दिया घर; लाखों के जेवरात चोरी

post 893 (1)

बीकानेर। नोखा थाना क्षेत्र की कानपुरा बस्ती में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पीड़ित इंद्रसिंह राजपुरोहित ने बताया कि वह पारिवारिक कार्य के सिलसिले में बाहर गए हुए थे और मकान कई दिनों से बंद पड़ा था। बुधवार को घर लौटने पर मुख्य दरवाजे के ताले और कुंडियां टूटी हुई मिलीं। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के लॉक भी टूटे हुए थे।

पीड़ित के अनुसार चोर करीब 4 किलो चांदी के आभूषण और सोने के जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में बेटी के हाथ-पैरों के कड़े, कानों के टॉप्स, झुमके, दो जोड़ी पायल, दो चांदी के कमर कंदोरे, चार जोड़ी बिछिया, चांदी के सिक्के, माथे की रखड़ी समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं।

परिजनों का कहना है कि बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। घर कई दिनों से बंद होने का फायदा उठाते हुए चोर रात के समय ताले तोड़कर अंदर घुसे और कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए।

सूचना पर नोखा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि आरोपियों ने पहले मकान की रेकी की और उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।