बीकानेर: स्कूल जाने निकली 11वीं की छात्रा लापता, 50 हजार नकद और सोने के जेवर भी साथ ले गई; पुलिस जांच में जुटी

post 157 (1)

बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से 11वीं कक्षा की एक छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के मुताबिक छात्रा मंगलवार सुबह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंची। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

इस संबंध में छात्रा के चाचा ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि छात्रा घर से करीब 50 हजार रुपये नकद, सोने की एक अंगूठी और कानों के झूमर भी साथ ले गई है।

परिजनों ने आशंका जताई है कि 12वीं कक्षा का एक छात्र, जो उसी दिन से अपने घर से गायब बताया जा रहा है, इस मामले में शामिल हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और छात्रा का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।