बीकानेर: अवैध 12 बोर बंदूक के साथ आरोपी गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

post 156 (1)

बीकानेर: छतरगढ़, अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छतरगढ़ थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को 12 बोर की अवैध बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि सादोलाई गांव से करीब एक किलोमीटर पहले एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही एएसआई रामचरण मीणा के नेतृत्व में कांस्टेबल पारस और राजेंद्र की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12 बोर की बंदूक बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान नियामत अली (46) पुत्र अली शेर, निवासी सादोलाई के रूप में बताई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि यह बंदूक उसके दादा ताजू खां के नाम लाइसेंसशुदा थी, लेकिन वर्ष 2002 में उनके निधन के बाद लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी बंदूक से संबंधित वैध लाइसेंस या अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने हथियार जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। छतरगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के विरुद्ध अभियान के दौरान एएसआई रामचरण मीणा की यह लगातार तीसरी सफल कार्रवाई है।

You may have missed