बीकानेर ब्रेकिंग : ACB की बड़ी कार्रवाई, बीज निगम निदेशक समेत दो लोग हिरासत में; 1.30 करोड़ रुपये बरामद

post 581 (1)

बीकानेर। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर विश्नोई और उनके रिश्तेदार स्वतंत्र ज्यानी को रिश्वतखोरी से जुड़े मामले में हिरासत में लिया है। कार्रवाई के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

क्या है पूरा मामला?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला गुजरात की एक निजी कंपनी को राजस्थान में सरकारी प्रतिबंधों से राहत दिलाने के बदले कथित रूप से 1 करोड़ 20 लाख रुपये की रिश्वत लेने से जुड़ा बताया जा रहा है। एसीबी को सूचना मिली थी कि रिश्वत की राशि को श्रीगंगानगर की ओर ले जाया जा रहा है, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।

बस से 85 लाख रुपये बरामद:-

सूचना के आधार पर एसीबी की टीम ने लूणकरणसर के पास एक बस को रोका। वहां स्वतंत्र ज्यानी को 85 लाख रुपये नकद के साथ हिरासत में ले लिया गया।

छापेमारी में मिली अतिरिक्त नकदी:-

कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए एसीबी ने राज्य बीज निगम डायरेक्टर जुगल किशोर विश्नोई के ठिकानों पर छापेमारी की। वहां तलाशी के दौरान 45 लाख रुपये की और नकदी बरामद हुई। अब तक की कार्रवाई में एसीबी कुल 1.30 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जब्त कर चुकी है।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है। एएसपी आशीष कुमार और सीआई इंद्रकुमार के नेतृत्व में टीम पूरे प्रकरण से जुड़े तथ्यों और लेन-देन की जांच कर रही है।