बीकानेर: खेत में मिले जिंदा बम को सेना ने किया डिफ्यूज, धमाके से गूंजा पूरा इलाका

महाजन (बीकानेर)। महाजन-शेरपुरा लिंक रोड स्थित एक खेत में करीब दस दिन पहले मिले जिंदा बम को सोमवार को सेना के बम निरोधक दस्ते ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। इस दौरान हुए तेज धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। कार्रवाई के दौरान महाजन थाना पुलिस और सेना के जवान मौके पर तैनात रहे।

महाजन थाना के एएसआई जंगदीश प्रसाद मीणा एवं कांस्टेबल राजेश भाखर ने बताया कि रामबाग-घेसुरा लिंक रोड पर कालूराम मेघवाल के खेत में जिंदा बम मिला था। सुरक्षा की दृष्टि से बम को पहले सुरक्षित स्थान पर गड्ढे में रखा गया था। प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद सेना की बम निरोधक टीम ने मौके पर पहुंचकर डिफ्यूज करने की कार्रवाई शुरू की।
सुरक्षा के मद्देनजर बम के आसपास करीब 800 मीटर क्षेत्र को खाली कराया गया। पुलिस ने लिंक रोड के दोनों ओर से यातायात रोक दिया, जबकि आसपास मौजूद लोगों और पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। इसके बाद सेना ने तय प्रक्रिया के अनुसार बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।
महाजन क्षेत्र सेना की फील्ड फायरिंग रेंज होने के कारण यहां समय-समय पर खेतों में जिंदा बम या विस्फोटक सामग्री मिलने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं और तुरंत इसकी सूचना पुलिस या प्रशासन को दें।