Bikaner: 35 साल बाद ट्रैक पर RUB, जुलाई में कोटगेट-सांखला रेल फाटक पर अंडरपास का काम होगा शुरू

post 339 (1)

बीकानेर : रियासत काल से कोटगेट और सांखला रेल फाटक की समस्या बनी हुई है। कभी ऐलिवेटेड तो कभी बाइपास और अब अंडरपास निर्माण की कवायद में समस्या उलझी हुई है। शहरवासी प्रतिदिन इन रेल फाटकों पर जाम, आवागमन में बाधा और लंबी प्रतीक्षा जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इन रेल फाटकों की समस्या का स्थायी समाधान धरातल पर नहीं उतर पा रहा है। वहीं शासन-प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों से न तो व्यापारी पूरी तरह संतुष्ट दिखाई दे रहे हैं और न ही वे लोग, जो वर्षों से इस समस्या के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

राज्य सरकार की ओर से इन फाटकों की समस्या के समाधान को लेकर बजट का प्रावधान किया जा चुका है। निर्माण कार्य से पहले की प्रक्रियाएं शुरू हो चुकी है। मामला न्यायालय तक भी पहुंचा हुआ है। इसी बीच कोटगेट और सांखला फाटक आरयूबी निर्माण परियोजना को लेकर बीकानेर संभागीय आयुक्त कार्यालय में बैठक आयोजित हुई। संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में प्रस्तावित आरयूबी निर्माण को लेकर कई आपत्तियां, संभावित चुनौतियां और स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान व्यापारियों, दुकानदारों व वर्षों से संघर्ष कर रहे लोगों ने रेल फाटकों की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर आरयूबी को पूर्ण रूप से उचित नहीं माना। वहीं प्रशासन ने भी अपना पक्ष रखा। बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त यशपाल आहूजा, पीडब्ल्यूडी एसई डॉ. वी.के. गहलोत, ट्रैफिक डीएसपी किशन सिंह, बीडीए इंजीनियर वंदना शर्मा, बीकानेर व्यापार एसोसिएशन अध्यक्ष नरपत सेठिया सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

अधिकारियों के अनुसार आरयूबी निर्माण कार्य जुलाई माह में स्लैब डालने के साथ प्रारंभ किया जाएगा तथा दिसंबर तक इसे पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को भी शामिल किए जाने की योजना बनाई गई है। बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता आर.के. दास गुप्ता सहित व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पिछले करीब 35 वर्षों से इस समस्या के समाधान को लेकर किए जा रहे संघर्ष का उल्लेख किया।

बैठक में उठीं ये बड़ी आपत्तियां:-

-चौड़ाई कम होने से बढ़ेगा जाम
-एंबुलेंस फायर ब्रिगेड की चिंता
-बारिश में जलभराव का खतरा
-पैदल यात्रियों के लिए रास्ता नहीं
-सांखला फाटक पर दीवार से परेशानी
-समस्या कम नहीं, बढ़ेगी

संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने बैठक के दौरान बीडीए और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोटगेट और सांखला फाटक सहित शहर के चार प्रमुख स्थानों पर आरयूबी परियोजना का संपूर्ण प्लान सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाए। इसका उद्देश्य यह रहेगा कि आमजन, व्यापारी और संबंधित पक्ष परियोजना की विस्तृत जानकारी देख सकें तथा अपने सुझाव, आपत्तियां और आवश्यक सुझाव प्रशासन तक पहुंचा सकें।