बीकानेर: बिजली फॉल्ट से खेत में लगी आग, एक हेक्टेयर गेहूं की फसल जलकर राख

post 1466 (1)

बीकानेर। नोखा क्षेत्र के सिजगुरु गांव में एक किसान के खेत में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया। जानकारी के मुताबिक किसान राजूसिंह के नलकूप पर लगे इंसुलेटर में फॉल्ट आने से चिंगारी निकली, जिसने देखते ही देखते खेत में खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि बिजली के पोल और इंसुलेटर में आई तकनीकी खराबी के कारण आग तेजी से फैली और करीब एक हेक्टेयर में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के दौरान आसपास मौजूद किसानों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन तेज हवा के चलते आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

पीड़ित किसान राजूसिंह ने विद्युत विभाग की लापरवाही को इस घटना का कारण बताते हुए मुआवजे की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित सहायता देने और बिजली व्यवस्था की नियमित जांच सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में रोष देखा जा रहा है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।

You may have missed