बीकानेर: जाली नोट प्रकरण में पकड़े गए आरोपियों में एक होमगार्ड जवान भी शामिल, नकली करेंसी को बाजार में खपाने की आशंका

post 345 (1)

बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली करेंसी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान 500-500 रुपये के कुल 156 नकली नोट बरामद किए गए हैं। साथ ही पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

थानाधिकारी कश्यप सिंह से मिली जानकारी के अनुसार सब इंस्पेक्टर पवन कुमार शर्मा की टीम ने बीकानेर-नेशनल हाईवे-11 स्थित हेमासर फांटे के पास सांवरिया सेठ होटल में दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को यहां नकली नोट तैयार किए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नकली नोट बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे दो प्रिंटर, एक कटिंग मशीन (कटर) और अन्य सामग्री भी जब्त की गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमासर निवासी श्याम मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ निवासी आशीष ब्राह्मण, पुदलसर निवासी जितेंद्र सिंह और इनपालसर बड़ा निवासी नारायण शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों में शामिल जितेंद्र सिंह होमगार्ड जवान बताया जा रहा है। वहीं, जिस सांवरिया सेठ होटल में कार्रवाई हुई, उसका संचालन आरोपी आशीष ब्राह्मण द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है।

प्रारंभिक जांच में नकली करेंसी तैयार कर बाजार में खपाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल चारों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे का अनुसंधान किया जा रहा है।

यह कार्रवाई सीओ निकेत पारीक के सुपरविजन में थानाधिकारी कश्यप सिंह के निर्देशन में एसआई पवन कुमार शर्मा की टीम ने की। टीम में कांस्टेबल पुनीत कुमार की विशेष भूमिका रही, जबकि कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, कैलाश और अशोक भी कार्रवाई में शामिल रहे।