आधार लिंक न होने पर आईआरसीटीसी यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव, पढ़े पूरी खबर

post 980

आधार लिंक न होने पर आईआरसीटीसी यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव, पढ़े पूरी खबर

नई दिल्ली। आज यानी 5 जनवरी से आईआरसीटीसी (IRCTC) के उन यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव लागू हो गया है, जिनका अकाउंट आधार से लिंक नहीं है। नए नियमों के तहत ऐसे यूजर्स रिजर्व रेल टिकट की बुकिंग सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक नहीं कर पाएंगे। यह प्रतिबंध केवल रिजर्व टिकट बुकिंग के पहले दिन ही लागू रहेगा।

गौरतलब है कि रिजर्व टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग ट्रेन की यात्रा तिथि से 60 दिन पहले शुरू होती है। रेलवे इस नई व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से लागू कर रहा है।

तीन चरणों में लागू हो रहा है नियम:-

  • 29 दिसंबर से: बिना आधार लिंक अकाउंट्स के लिए सुबह 8 बजे से 12 बजे तक टिकट बुकिंग पर रोक।
  • 5 जनवरी से: सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक टिकट बुकिंग बंद।
  • 12 जनवरी से: बिना आधार लिंक वाले यूजर्स सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक टिकट बुक नहीं कर सकेंगे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस फैसले का मुख्य उद्देश्य टिकट बुकिंग के पहले दिन वास्तविक यात्रियों को अधिक अवसर देना है। साथ ही फर्जी और बॉट अकाउंट्स के जरिए होने वाली अवैध बुकिंग पर लगाम लगाना भी इस कदम का मकसद है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने आईआरसीटीसी अकाउंट को आधार से लिंक कर लें, ताकि भविष्य में टिकट बुकिंग के दौरान किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।