बज्जू: हाईटेंशन लाइन पर फॉल्ट ठीक करते समय युवक की करंट लगने से मौत

post 757 (1)

बीकानेर। बज्जू क्षेत्र में कोलायत लिफ्ट कैनाल की 33 केवी हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट ठीक करने के दौरान गुरुवार सुबह एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में रोष फैल गया। उन्होंने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है।

जानकारी के अनुसार बुधवार रात से लाइन में फॉल्ट आने के कारण बज्जू स्थित 132 केवी जीएसएस से जुड़ी लाइन का शटडाउन चल रहा था। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे मिठड़िया निवासी राजाराम सारण (पुत्र हनुमानराम सारण) फॉल्ट ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पोल पर कार्य के दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के समय उसके साथ पड़ोसी किसान मुनिराम नैण भी मौजूद थे। ग्रामीणों ने तुरंत उसे बज्जू उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और स्पष्ट अनुमति के बिना कार्य कराया गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

सूचना पर सहायक अभियंता (एईएन) अजय कुमार और कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) गोरधन मीणा अस्पताल पहुंचे। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने अधिकारियों को घेरकर विभागीय लापरवाही का आरोप लगाया।

फिलहाल युवक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजन और ग्रामीण दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।