नेग की राशि को लेकर दुल्हनों के घर पर हमला:शादी के 1 दिन बाद की मारपीट

नेग की राशि को लेकर दुल्हनों के घर पर हमला:शादी के 1 दिन बाद की मारपीट
धौलपुर जिले के बसई डांग थाना क्षेत्र के चंदीलपुरा गांव में एक शादी समारोह के दौरान नेग की राशि को लेकर हुए विवाद के बाद दुल्हनों के घर पर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। शादी के बाद दुल्हनों की विदाई के दौरान नेग की राशि को लेकर यह विवाद हुआ था। इसके एक दिन बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने यह हमला किया। इस हमले में दुल्हनों के दादा-दादी समेत 5 लोग घायल हो गए। इस हमले से अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। यह घटना चंदीलपुरा गांव में पंजाब सिंह की 2 पोतियों के विवाह समारोह के बाद हुई। दोनों दुल्हन की बारात 26 अप्रैल की रात को चंदेलपुरा पहुंची थी। 26 अप्रैल की रात और 27 अप्रैल की सुबह दोनों दुल्हन की शादी हुई। 27 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे जब दोनों दुल्हन की विदाई हो रही थी, तब नेग की राशि दी गई। वर पक्ष ने दुल्हनों के महावर लगाने और अन्य रस्मों के लिए नाई को 5100 रुपए का नेग दिया था।
कहासुनी के दूसरे दिन वधू पक्ष के घर पर किया हमला: वर और वधू पक्ष के लोग विदाई के समय मौजूद थे, तब यह नेग दिया गया। जिसको लेकर गांव के दूसरे पक्ष के लोगों ने विवाद खड़ा कर दिया। इस दौरान नेग की राशि को लेकर पंजाब सिंह के पक्ष और दूसरे पक्ष के देशराज व बबलू के बीच कहासुनी हुई। इस दौरान गांव के अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर दुल्हनों को विदा कराया और उस दौरान कैसे-जैसे मामला शांत कराया। इस विवाद की घटना के अगले दिन 28 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे दूसरे पक्ष के लोगों ने वधू पक्ष के घर हमला बोल दिया। जिसमें दुल्हनों के दादा-दादी समेत 5 लोग घायल हो गए।