जमीनी विवाद में बीजेपी कार्यकर्ता पर हमला, भतीजे को भी पीटा

जमीनी विवाद में बीजेपी कार्यकर्ता पर हमला, भतीजे को भी पीटा
टोंक सदर थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम को जमीनी विवाद में बीजेपी कार्यकर्ता पर हमला कर दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सआदत अस्पताल ले गई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रेफर कर दिया है। बीजेपी जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान समेत कई बीजेपी नेता अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर पुलिस अफसरों से गुनहगारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को कहा।
सदर थाने के एएसआई केसर लाल ने बताया कि टोंक शहर के बंबोर रोड के पास शहर के विजय सिंह का सफीक व अन्य से जमीन विवाद चल रहा था। आज जमीन का सीमाज्ञान हो रहा था। इस दौरान सूचना मिली कि शाम करीब छह बजे दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया और सफीक और पांच छह अन्य लोगों ने विजय सिंह राजावत व उनके भतीजे राजन (25) पर हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। दोनों खून से लथपथ पड़े हुए थे।
बीजेपी जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने बताया कि लोगों से बातचीत में सामने आया कि बीजेपी कार्यकर्ता विजय सिंह का भूमि विवाद चल रहा है। इसके चलते दूसरे पक्ष के लोगों ने बीजेपी कार्यकर्ता विजय सिंह (32) पर हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस अफसरों से बात हुई है। यहां भजन लाल शर्मा की सरकार है। गुनाह करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा उन्होंने कहा कि कोई भी विवाद है कानून के हिसाब से काम करना चाहिए। बीजेपी कार्यकर्ता पर हथियारों से हमला किया है।