खाजूवाला नगरपालिका सभागार में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का जागरूकता शिविर आयोजित, रिश्वतखोरी के खिलाफ किया जागरूक

खाजूवाला, खाजूवाला नगरपालिका सभागार में शुक्रवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) राजस्थान की ओर से भ्रष्टाचार निरोधक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन एवं सरकारी कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करना तथा रिश्वतखोरी जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान एसीबी अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को बताया कि रिश्वत लेना और देना दोनों ही कानूनन अपराध हैं। यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी भी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत तुरंत एसीबी की 24×7 हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9413502834 पर की जा सकती है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
शिविर में अधिकारियों ने भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जानकारी देते हुए बताया कि नागरिकों की सतर्कता और सहयोग से ही भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में रिश्वत न दें और यदि कोई मांग करता है तो तुरंत एसीबी को सूचना दें।
इस अवसर पर विकास अधिकारी गोपाराम, नगरपालिका ईओ सोहनलाल सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए पंपलेट वितरित किए गए तथा सभी से ईमानदारी एवं पारदर्शिता को बढ़ावा देने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।