बीकानेर: इस जगह आइस फैक्ट्री, भोजनालय और मिष्ठान भंडार पर कार्रवाई, एक्सपायर सामग्री करवाई नष्ट

बीकानेर: इस जगह आइस फैक्ट्री, भोजनालय और मिष्ठान भंडार पर कार्रवाई, एक्सपायर सामग्री करवाई नष्ट
बीकानेर। बज्जू उपखंड में चिकित्सा विभाग ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सक्रियता दिखाई। उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सांवरमल रैगर के नेतृत्व में टीम ने आरओ वाटर सप्लायर्स, आइस फैक्ट्री, मिठाई भंडार और भोजनालयों पर गहन जांच की। इस दौरान कई सैंपल भरे गए और एक्सपायर हो चुके सामान को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध, बीसीएमएचओ डॉ. शिवराज जाखड़, सहायक अभियंता पीएचईडी पुल्कित शर्मा, और खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा व राकेश कुमार शामिल थे। टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं अधिनियम 2006 व नियम 2011 के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों पर जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा ने बताया कि बज्जू और आरडी 860 स्थित छगन मावा भंडार, कृष्णा होटल एवं रेस्टोरेंट, बांबे लॉज, कपिल अमृत धारा, बालाजी वाटर सप्लायर, जांभलाव वाटर सप्लायर, हरिओम आरओ वाटर, गुरुकृपा वाटर सप्लायर और बालाजी आइस फैक्ट्री की जांच की गई। टीम ने मिठाई, मावा और पानी के सैंपल लिए। एक्सपायर सामग्री को तुरंत नष्ट किया गया और संबंधित दुकानदारों को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए। वर्मा ने यह भी बताया कि खाद्य सामग्री रखने और बेचने वाले सभी दुकानदारों व उद्योगों के लिए फूड लाइसेंस लेना अनिवार्य है। कई दुकानदार इस नियम की अनदेखी करते पाए गए हैं। विभाग भविष्य में ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई करेगा।