Accident News: मातम में बदली शादी की खुशियां, बारात में जा रहे बाइक सवार को ट्रेलर ने कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत

Accident News: पाली, जैतारण-निंबोल मार्ग पर रामावास कलां के पास ईंट भट्टे के निकट तेज रफ्तार सीमेंट से भरे ट्रेलर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जैतारण थाना प्रभारी धोलाराम परिहार के अनुसार, बलूंदा गांव से एक बारात राष्ट्रीय राजमार्ग 458 होते हुए रामावास कलां जा रही थी। बारात के पीछे कुछ लोग बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बलूंदा निवासी मुकेश पुत्र ओगडराम बावरी और भुण्डाराम पुत्र जवानराम की बाइक को सामने से आए ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर बाइक को कुछ दूरी तक घसीटता ले गया। हादसे में मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भुण्डाराम उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे जैतारण के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।