Accident News: पिकअप की चपेट में आने से ढाई वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, चालक फरार

post 91 (1)

झालावाड़। जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र के बामन देवरिया गांव में एक दर्दनाक हादसे में ढाई वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर के बाहर साइकिल चला रहा बच्चा दूध से भरे पिकअप वाहन की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में परिजन उसे चौमहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्हेल थाना प्रभारी रामकरण के अनुसार, देवरिया निवासी धीरप सिंह के ढाई वर्षीय बेटे की एक पिकअप वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब दूध लेकर गांव से चौमहला की ओर जा रहा पिकअप वाहन मोड़ पर बैक (पीछे) हो रहा था और बच्चा उसकी चपेट में आ गया। दुर्घटना के तुरंत बाद परिजन बच्चे को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चालक की तलाश कर रही है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मासूम की मौत से गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।