Accident News: स्कूल बस और स्लीपर बस की आमने-सामने भिड़ंत, दो छात्र घायल, बड़ा हादसा टला

post 129 (1)

Accident News: सीकर जिले के फतेहपुर-लक्ष्मणगढ़ मार्ग पर सोमवार सुबह हरसावा के पास गारिंडा मोड़ पर स्कूल बस और एक निजी स्लीपर बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूल बस क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो स्कूली बच्चों को मामूली चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री या छात्र को गंभीर चोट नहीं लगी और एक बड़ा हादसा टल गया।

फतेहपुर कोतवाली थाना अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि चौधरी घड़सीराम स्कूल की बस फतेहपुर से लक्ष्मणगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान सीकर की तरफ से आ रही निजी स्लीपर बस गारिंडा मोड़ के पास सड़क पर फिसलन के कारण अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही स्कूल बस से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल बस के आगे के शीशे टूट गए और उसका अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के समय स्लीपर बस में भी कई यात्री सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर यात्रियों और स्कूली बच्चों की मदद की। घटना के चलते कुछ समय के लिए फतेहपुर-लक्ष्मणगढ़ मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर फतेहपुर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। प्रारंभिक जांच में सड़क पर फिसलन हादसे की मुख्य वजह सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।