Accident News: राजस्थान में घने कोहरे का कहर, सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत, कई घायल

post 04

Accident News: राजस्थान में घने कोहरे का कहर, सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत, कई घायल

Accident News: राजस्थान के अधिकांश जिलों में लगातार पांचवें दिन भी घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम होने से प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में नागौर जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा सुरपालिया थाना क्षेत्र के सुरपालिया बाइपास पर सुबह करीब 7 बजे हुआ। घने कोहरे के चलते एक एसयूवी और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद कुछ लोग सड़क पर जा गिरे, जबकि कई यात्री एसयूवी में फंस गए। मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए। सूचना मिलते ही सुरपालिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला गया।

अस्पताल में एक और घायल की मौत:-

सभी घायलों को एंबुलेंस से नागौर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। फिलहाल पांच घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों की शिनाख्त के प्रयास:-

पुलिस ने तीनों शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और कम दृश्यता बताई जा रही है।

हादसे के बाद यातायात बाधित:-

हादसे के चलते सुरपालिया बाइपास पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को धीरे-धीरे सुचारू कराया।

You may have missed