Accident News: मॉर्निंग वॉक पर निकली 17 वर्षीय छात्रा को डंपर ने कुचला, मौके पर मौत

post 109 (1)

Accident News: भरतपुर जिले के नदबई कस्बे में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। खांगरी बाइपास पर मॉर्निंग वॉक के दौरान तेज रफ्तार डंपर ने 17 वर्षीय छात्रा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय साथ चल रही उसकी मां बाल बाल बच गई, लेकिन अपनी बेटी को इस तरह खो देने का मंजर उनकी आंखों के सामने ही घटित हुआ।

जानकारी के अनुसार, पायल (17) शनिवार सुबह करीब 5 बजे अपनी मां सुनीता देवी के साथ रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी। सुबह करीब 6:15 बजे जब दोनों खांगरी बाइपास के पास पहुंचे, तभी हलैना की ओर से आ रहे डस्ट से भरे तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से पायल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पायल डंपर के नीचे आ गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मां अपनी बेटी को बचाने की कोशिश करती रह गई, लेकिन सब कुछ पलभर में खत्म हो चुका था। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद नदबई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।

नीट का रिजल्ट आने का था इंतजार:-

परिजनों के अनुसार, पायल पढ़ाई में काफी होनहार थी। उसने हाल ही में नीट परीक्षा दी थी और परिणाम का इंतजार कर रही थी। उसका सपना डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना था, लेकिन सड़क हादसे ने उसके सपनों को अधूरा छोड़ दिया।

परिवार की सबसे छोटी बेटी थी:-

पायल किसान परिवार से थी और घर की सबसे छोटी बेटी थी। वह परिवार की लाड़ली थी। हादसे की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

You may have missed