Accident: बेटी को UPSC परीक्षा दिलाने जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, कार कंटेनर से टकराई

post 393 (1)

जयपुर। जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नीझर मोड़ के पास शनिवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बेटी को यूपीएससी परीक्षा दिलाने अजमेर जा रहे एक पिता की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बेटी घायल हालत में अपने पिता के शव के पास रोती रही।

पुलिस के अनुसार अलवर जिले के तिजारा निवासी 45 वर्षीय निहाल सिंह मेघवाल अपनी बेटी शिवानी को अजमेर में आयोजित यूपीएससी परीक्षा दिलाने के लिए कार से रवाना हुए थे। देर रात जयपुर-दिल्ली हाईवे पर नीझर मोड़ के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर भाबरू थाना पुलिस उपनिरीक्षक जयराम चौधरी मय जाब्ते मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस कर्मियों की सहायता से पिता-पुत्री को वाहन से बाहर निकालकर पावटा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने निहाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शिवानी का उपचार जारी है।

एम्बुलेंस नर्सिंग अधिकारी जगदीश सराधना ने बताया कि हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे। पिता की मौत के बाद बेटी पूरी तरह टूट गई और अस्पताल में रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

बताया जा रहा है कि निहाल सिंह अपनी बेटी को UPSC परीक्षा दिलाने अजमेर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

You may have missed