Accident: तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर घायल, CCTV में कैद हुआ हादसा

post 398 (1)

जयपुर। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लोहा मंडी क्षेत्र के पास हुआ, जहां तेज गति से आ रही कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

जानकारी के अनुसार तरुपति विहार निवासी पुष्पेंद्र सिंह अपनी पत्नी वंदना कंवर के साथ बाइक से जा रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे जब वे सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर काफी दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

हरमाड़ा थाना पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में वाहन की रफ्तार अधिक प्रतीत हो रही है। आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चालक तक जल्द पहुंचा जा सके। इधर, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। घायल दंपती का अस्पताल में उपचार जारी है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।