Accident: घने कोहरे में पुलिस जीप से भिड़ी बस, थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी गंभीर घायल
Accident: घने कोहरे में पुलिस जीप से भिड़ी बस, थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी गंभीर घायल
Accident: जैसलमेर, जिले के पोकरण क्षेत्र में घने कोहरे के चलते बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस ने पुलिस की जीप को टक्कर मार दी, जिससे मोहनगढ़ थाने के थाना प्रभारी सहित तीन पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस जीप के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद जीप में फंसे पुलिसकर्मियों को स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों को तत्काल पोकरण जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर सभी को जोधपुर रेफर कर दिया गया।
एनएच-11 पर हादसा:-
जानकारी के अनुसार मोहनगढ़ थाना प्रभारी बाबूराम अपने तीन पुलिसकर्मियों के साथ हिंदू सम्मेलन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 11 पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बस से उनकी जीप की भिड़ंत हो गई। घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता बेहद कम थी, जिससे यह हादसा हुआ।
अस्पताल पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी:-
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस वृत्ताधिकारी भवानी सिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों की हालत की जानकारी ली। चिकित्सकों के अनुसार सभी पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें बेहतर उपचार के लिए जोधपुर भेजा गया है।
कोहरे से बढ़ रहे सड़क हादसे:-
बताया जा रहा है कि इलाके में लगातार घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे हाईवे पर दृश्यता काफी कम हो गई है। वाहन चालकों द्वारा रफ्तार कम नहीं करने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। पुलिस प्रशासन ने घने कोहरे के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।