ACB Action: ACB की कार्रवाई से मचा हड़कंप, रिश्वत लेते पकड़ा गया जेईएन भागने की कोशिश में स्कूटी समेत नाले में गिरा, 2 इंजीनियर गिरफ्तार

post 35

ACB Action: ACB की कार्रवाई से मचा हड़कंप, रिश्वत लेते पकड़ा गया जेईएन भागने की कोशिश में स्कूटी समेत नाले में गिरा, 2 इंजीनियर गिरफ्तार

भरतपुर। ब्रिगेडियर घासीराम नगर में शुक्रवार शाम एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। रिश्वत लेते हुए पकड़े गए कनिष्ठ अभियंता ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पब्लिक ने उसे चेन स्नैचर समझकर पीछा कर लिया।

भागने के दौरान आरोपी जेईएन स्कूटी समेत नाले में गिर गया। सूचना मिलते ही मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पब्लिक, पुलिस और एसीबी टीम को एक साथ देखकर आरोपी घबरा गया और नियंत्रण खो बैठा, जिससे वह नाले में जा गिरा।

ठंड से कांपते आरोपी को बाहर निकाला गया:-

एसीबी टीम ने आरोपी को नाले से बाहर निकालकर अपने कार्यालय पहुंचाया, जहां उसे हीटर के सामने बैठाया गया और गंदे कपड़े बदलवाए गए। इसके बाद रिश्वत प्रकरण में आगे की जांच शुरू की गई।

रिश्वत लेते दो इंजीनियर गिरफ्तार:-

एसीबी ने इस कार्रवाई में जेवीवीएनएल उच्चैन में तैनात कनिष्ठ अभियंता अभिषेक और सहायक अभियंता मोहित कटियार को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामला पीएम सूर्यघर योजना के तहत रूफटॉप सोलर प्लांट के मीटर जारी करने और सब्सिडी स्वीकृत कराने के बदले रिश्वत मांगने से जुड़ा है।

परिवादी के अनुसार, उसकी फर्म ने योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किया था। मीटर जारी कराने और सब्सिडी स्वीकृत करवाने के बदले दोनों अभियंताओं ने 90 हजार रुपए की मांग की थी, जिसके बाद एसीबी को शिकायत दी गई।

You may have missed