Accident: दुकान से लौट रही 10 वर्षीय बालिका को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला, मौके पर मौत

post 498 (1)

सिरोही। जिले के पोसालिया कस्बे को हाईवे से जोड़ने वाली संपर्क सड़क पर स्थित गुड़ा बस्ती में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 10 वर्षीय बालिका हिमांशी पुत्री प्रकाश कुमार मीणा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पालड़ी एम थानाधिकारी कैलाशदान मय जाब्ता मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों के अनुसार हिमांशी सुबह करीब 8:15 बजे घर के पास दुकान से सामान लेकर लौट रही थी। इसी दौरान पोसालिया की ओर से आए ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर का पहिया बालिका के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने न्याय की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक धरना दिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों व ग्रामीणों को नियमानुसार मुआवजा और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सहमति बनी।

पुलिस ने शव को पोसालिया सीएचसी पहुंचाकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

थानाधिकारी कैलाशदान ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है। चालक प्रहलाद बंजारा राव निवासी जसपाली (जोधपुर) को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।