ACB Action: ACB की बड़ी कार्रवाई, जलदाय विभाग के इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथों किया ट्रैप
ACB Trap: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी पर करारा प्रहार किया है। झालावाड़ में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के अधीक्षण अभियंता विष्णुचंद गोयल को महंगे आईफोन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
बिल पास कराने के बदले मांगी ‘एप्पल’ की रिश्वत:-
ACB महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एक ठेकेदार ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता विभाग में हैंडपंप मरम्मत और पाइपलाइन लीकेज से जुड़े कार्य कर रहा था। आरोप है कि बकाया बिल पास करने और काम में आपत्तियां नहीं लगाने के बदले SE लगातार अगस्त माह से आईफोन की मांग कर रहे थे। साथ ही काम से डीबार करने की धमकी भी दी जा रही थी।
iPhone 16 Pro की थी मांग, जाल में फंसे साहब:-
शिकायत के अनुसार आरोपी ने करीब 1.50 लाख रुपये कीमत वाले iPhone 16 Pro की मांग की थी। 7 जनवरी को ACB द्वारा गोपनीय सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। तय योजना के तहत शुक्रवार को जैसे ही ठेकेदार ने मोबाइल फोन सौंपा, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
ठिकानों पर तलाशी, जांच जारी:-
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी के आवास व अन्य ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। ACB ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।