शराब के नशे में स्कूल पहुंचे शिक्षक ने छात्रों को पीटा, पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया

झालावाड़। जिले के बकानी क्षेत्र स्थित करलगांव राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक शिक्षक पर नशे की हालत में छात्रों के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक हेमंत कुमार सेन कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचे और वहां 6 से अधिक छात्रों के साथ मारपीट की। इस घटना से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राएं भयभीत हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक स्कूल पहुंच गए और आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
बकानी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक हेमंत कुमार सेन को हिरासत में लेकर थाने ले गई। वहीं शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ग्रामीण आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।