राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर ! बीकानेर में पारा पहुंचा 43°C पार

बीकानेर। राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार तेज होता जा रहा है। बीकानेर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 26 अप्रैल को तापमान 42 डिग्री के आसपास रहा। रात के तापमान में बढ़ोतरी से भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के साथ हीटवेव तेज होने की चेतावनी जारी की है।
गर्मी के चलते दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है। हालात को देखते हुए बीकानेर समेत कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। साथ ही प्रशासन ने वन्यजीवों के लिए पानी और छाया जैसी व्यवस्थाएं भी शुरू कर दी हैं।
स्कूल टाइम में बदलाव:-
भीषण गर्मी को देखते हुए जिला कलेक्टर निशांत जैन ने शिक्षा विभाग से प्रस्ताव मंगवाए, जिसके आधार पर स्कूलों का समय बदलकर सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक तक कर दिया गया है। पहले दोपहर एक बजे तक छुट्टी होने से बच्चों को तेज धूप में घर लौटना पड़ता था, जिससे उनकी सेहत पर असर पड़ रहा था।
दो पारी वाले स्कूलों की बढ़ी मुश्किलें:-
दो शिफ्ट में चलने वाले स्कूलों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। दूसरी पारी आमतौर पर दोपहर 12:30 बजे से शुरू होती है, ऐसे में सभी कक्षाओं को सुबह एक साथ संचालित करना प्रबंधन के लिए कठिन हो सकता है।
आगे और बढ़ेगा पारा:-
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस बार सामान्य से अधिक दिनों तक लू चलने की आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।