दर्दनाक हादसा: नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

धौलपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। मनिया थाना क्षेत्र के गडाईच गांव में रविवार को पार्वती नदी में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मस्ती का माहौल चीख-पुकार में बदला:-
जानकारी के अनुसार, गांव के एक दर्जन से अधिक बच्चे छुट्टी के दिन पार्वती नदी के किनारे खेलने और नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दूसरों को बचाने की कोशिश में गवाई जान:-
बताया जा रहा है कि 12 वर्षीय भूरा (पुत्र रामबरन), 12 वर्षीय सोनम (पुत्री रघुवीर) और 14 वर्षीय निशु (पुत्री भूरी सिंह) ने अपने साथियों को बचाने के लिए साहस दिखाते हुए नदी में छलांग लगा दी। हालांकि तेज बहाव और गहराई के कारण तीनों खुद भी पानी में डूब गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन और पुलिस की कार्रवाई:-
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। सीओ खलील अहमद के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसा गहरे पानी में जाने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।