बीकानेर में अंतर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

post 1877 (1)

बीकानेर में साइबर अपराधों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष अभियान ‘म्यूल हंटर’ के तहत साइबर थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ देशभर में करीब 10 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन में साइबर थाना प्रभारी शालिनी बजाज की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सचिन बिश्नोई (24) निवासी गजेबाला और साहिल खान (25) निवासी सुभाषपुरा, बीकानेर को गिरफ्तार किया।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी:-

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर लोगों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ और निवेश का झांसा देकर ठगी करते थे। ठगी की रकम अपने और कमीशन पर लिए गए बैंक खातों में डलवाकर चेक के जरिए अलग-अलग शाखाओं से निकालते थे। इसके बदले आरोपी करीब 10 प्रतिशत कमीशन लेते थे।

देशभर में फैला नेटवर्क:-

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के मामले दर्ज हैं। इनमें अधिकांश शिकायतें ‘डिजिटल अरेस्ट’ से जुड़ी हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

मामला दर्ज, जांच जारी:-

इस संबंध में बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच पुलिस अधिकारी रमेश कुमार सर्वटा कर रहे हैं।

कार्रवाई में शामिल टीम:-

कार्रवाई में सीआई रमेश सर्वटा, एएसआई ओमप्रकाश, कांस्टेबल सुभाष, सत्यनारायण और सूचना सहायक जया सोनी की अहम भूमिका रही।

पुलिस की अपील:-

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी लालच या झांसे में आकर अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

You may have missed